अंक शास्त्र के अनुसार अंकों का हमारे जीवन में विशेष महत्व होता है। इसलिए जब भी किसी व्यक्ति का जन्म होता है, तो उसकी जन्मतिथि महत्वपूर्ण होती है। क्योंकि उससे ही उसका मूलांक और भाग्यांक बनता है। साथ ही जन्मतिथि के आधार पर किसी व्यक्ति के स्वभाव, व्यवहार और भाग्य के बारे में काफी कुछ बताया जा सकता है। यहां हम बात करने जा रहे हैं मूलांक 8 के बारे में, जिसका संबंध शनि देव से है। मतलब जिन व्यक्तियों का जन्म महीने की 8, 17 या 26 तारीख को होता है, उन लोगों का मूलांक 8 बनता है। ये लोग भाग्य से ज्यादा कर्म पर विश्वास रखते हैं और हर चीज में नंबर 1 रहना चाहते हैं। साथ ही इन लोगों पर शनि देव की विशेष कृपा होती है। आइए जानते हैं मूलांक 8 से जुड़ी और दिलचस्प जानकारी…
होते हैं मेहनती और न्यायप्रिय
अंक शास्त्र के अनुसार जिन लोगों का मूलांक 8 होता है, वे मेहनती और न्यायप्रिय होते हैं। ये लोग बहुत ही व्यवस्थित तरीके से चलते हैं और इन्हें चीजों में बिखराव पसंद नहीं होता है। भौतिकता और आध्यात्मिकता के बीच संतुलन बनाना इन्हें अच्छा लगता है। ये लोग जिस काम को करने की ठान लेते हैं, उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। शनि के प्रभाव से इनके जीवन में संघर्ष बना रहता है, लेकिन अंततः ये सभी सुख प्राप्त करते हैं।
हर चीज में रहना चाहते हैं नंबर 1
मूलांक 8 से जुड़े लोग हर चीज में नंबर 1 रहना चाहते हैं, इन्हें हारना बिल्कुल भी पसंद नहीं होता। ये लोग हर काम को समय पर पूरा करने में विश्वास रखते हैं और किसी भी बात की गहराई तक जाकर ही निष्कर्ष पर पहुंचते हैं। ये लोग जो भी कार्य करते हैं, उसे चुपचाप और बिना किसी को बताए पूरा करते हैं। साथ ही ये लोग धन की बचत करने में माहिर होते हैं और अच्छी योजना बनाते हैं। न तो ये किसी की चापलूसी करना पसंद करते हैं और न ही चापलूसी करवाना। साथ ही ये लोग अपनी शक्तियों का कम ही प्रयोग करते हैं।