हिंदू धर्म में श्रावण मास का विशेष महत्व है, क्योंकि यह भगवान शिव को समर्पित है। शास्त्रों के अनुसार, सावन के महीने में भगवान शिव रुद्र रूप में सृष्टि का संचालन करते हैं। मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पाने के लिए कठोर तप किया था, और सावन के इस महीने में शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार करने का वरदान दिया।
इस साल सावन की शुरुआत 22 जुलाई से हुई है और यह 19 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान 5 सोमवार आएंगे, जिनमें से आज यानी 29 जुलाई को सावन का दूसरा सोमवार है। सावन के सोमवार का विशेष महत्व है; इस दिन भक्त व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं। आइए जानते हैं इस दिन की तिथि और शुभ मुहूर्त…
सावन सोमवार तिथि:
वैदिक पंचांग के अनुसार, सावन मास के कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि आज शाम 5:56 बजे तक है। इसके बाद दशमी तिथि का आरंभ होगा।
दूसरा सावन सोमवार: मुहूर्त और योग
सावन के दूसरे सोमवार पर भरणी नक्षत्र सुबह 10:55 बजे तक रहेगा, जिसके बाद कृत्तिका नक्षत्र का आरंभ होगा।
गण्ड योग सुबह से शाम 5:54 बजे तक रहेगा, और उसके बाद वृद्धि योग शुरू होगा।
सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त प्रातः 4:16 बजे से लेकर 4:58 बजे तक रहेगा।
पंचांग के अनुसार, अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:47 बजे से 12:41 बजे तक है।
अमृत काल सुबह 6:17 बजे से शाम 7:50 बजे तक रहेगा।
सावन सोमवार का महत्व
सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इस दौरान, सावन मास के सोमवार को लोग पूरे दिन व्रत रखकर भोलेनाथ की पूजा करते हैं, जिससे उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-संपत्ति बनी रहती है।
हिंदू धर्म के अनुसार, सावन के महीने में भगवान शिव रुद्र रूप में सृष्टि का संचालन करते हैं। इसके अलावा, पुराणों के अनुसार, समुद्र मंथन भी सावन मास में हुआ था।
सावन सोमवार की तारीखें
- 22 जुलाई 2024: सावन का पहला सोमवार
- 29 जुलाई 2024: सावन का दूसरा सोमवार
- 5 अगस्त 2024: सावन का तीसरा सोमवार
- 12 अगस्त 2024: सावन का चौथा सोमवार (संक्रांति के अनुसार, सावन का आखिरी सोमवार)
- 19 अगस्त 2024: सावन का पांचवा सोमवार